भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस जिले में उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार, जिलाध्यक्ष श्री भानु भूरिया एवं पूर्व सांसद श्री गुमानसिंह डामोर एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कविता सिंगार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर निकाली गई भव्य रैली
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सर्वप्रथम महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात राजवाड़ा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित जनजातीय नृत्य दलों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इसके पश्चात पारंपरिक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ रैली निकाली गई, जो मुख्य कार्यक्रम स्थल सांदीपनी मैदान पहुंची।
पारंपरिक साफा, झूलड़ी एवं तीर-कमान भेंट कर अतिथियों का स्वागत
मुख्य कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया का जनजातीय परंपरा के अनुसार पारंपरिक साफा पहनाकर, झूलड़ी एवं तीर-कमान भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों का भी पारंपरिक साफा पहनाकर एवं झूलड़ी ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ
मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने दोनों के उद्बोधन को सुना।
विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष को किया जीवंत
कार्यक्रम में प्राथमिक आश्रम शाला परवट के विद्यार्थियों द्वारा जल, जंगल एवं जमीन के संरक्षण का संदेश देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई। इसी क्रम में पीएम श्री शासकीय कन्या शाला की बालिकाओं द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। वहीं शासकीय हाई स्कूल ढेकलबड़ी के विद्यार्थियों ने पारंपरिक जनजातीय गीतों के साथ मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने नृत्य-नाटिका प्रस्तुत करने वाले दलों को पुरस्कार राशि देने की घोषणा की
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जल, जंगल, जमीन, समाज और जनजातीय संस्कृति की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके संघर्ष एवं बलिदान की गाथा को आमजन तक पहुंचाना आवश्यक है। विशेषकर युवा पीढ़ी को जनजातीय समाज के महानायकों के जीवन एवं योगदान से परिचित कराना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं के माध्यम से नई पीढ़ी को उनके योगदान को जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत तीनों नृत्य-नाटिकाओं की सराहना करते हुए नृत्य-नाटिका प्रस्तुत करने वाले दलों को प्रोत्साहित करने के लिए अपनी ओर से पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि हमारी वास्तविक संस्कृति हमारे पारंपरिक गीतों, भजनों, गरबा, लोक परंपराओं और अपनी भाषा में समाहित है। हमारे पूर्वजों द्वारा पीढ़ी-दर-पीढ़ी संजोई गई सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के आयोजन आगे भी निरंतर किए जाएंगे।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने युवाओं से बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने का किया आह्वान
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की पहचान केवल एक स्वतंत्रता सेनानी के रूप में ही नहीं है, बल्कि उन्होंने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और समाज को विशिष्ट पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके आदर्शों और विचारों को अपनाकर युवाओं को समाज के विकास एवं उत्थान में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में 'छू लो आसमान' पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद एवं साहित्यिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने युवाओं से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात कर समाज को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष श्री भानु भूरिया ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संघर्ष को किया याद
जिलाध्यक्ष श्री भानु भूरिया ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए विकट परिस्थितियों में भी अंग्रेजों का सामना किया तथा जनजातीय समाज को उनके हक और अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उनके संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा लेकर हमें वर्तमान समय में भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा समाज के विकास और उत्थान में सहभागी बनना चाहिए।
पूर्व सांसद श्री गुमानसिंह डामोर ने भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान पर डाला प्रकाश
पूर्व सांसद श्री गुमानसिंह डामोर ने कहा कि वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन परिचय, संघर्ष एवं ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें स्मरण किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए।
जनजातीय संस्कृति एवं गौरवशाली विरासत पर आधारित प्रदर्शनी का किया अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया सहित उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, कला, जीवनशैली एवं गौरवशाली विरासत पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर एवं पारंपरिक जीवनशैली को प्रदर्शित किया गया।
जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण करते हुए जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन तथा नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का संदेश दिया गया।