श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह ने इस अवसर पर कहा कि जनजातीय समाज की परंपराएं, संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में उसकी भूमिका भारतीय विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। जनजातीय महापुरुषों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण के लिए जागरूक होना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. कुलदीप सिंह फरे ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, विचारों और जनजातीय अधिकारों के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने अन्याय, शोषण और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर समाज में चेतना जागृत की। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।
इस कार्यक्रम में डॉ. एस एस डावर, प्रो. महेश भाबोर, प्रो. कुलदीप सिंह रावत एवं प्रो. राजेश सिसोदिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिताओं में चित्रकला में राजकुमार ने प्रथम तथा निबंध प्रतियोगिता में स्वाति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।