धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जयंती को हर वर्ष राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर राज्य सरकार 14, 15 एवं 16 नवम्बर को त्रिदिवसीय जयंती समारोह मनाने जा रही है। इसके तहत 16 नवम्बर को खंडवा जिले में राज्यस्तरीय भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होगा। इसके अलावा 14 नवम्बर को जबलपुर, 15 नवम्बर को धार एवं जोबट, जिला आलीराजपुर और धार जिले में 15 नवम्बर को होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।

"जनजातीय गौरव दिवस' आयोजन के लिए शासन ने जारी किए निर्देश

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर राज्यस्तरीय समारोह के अलावा जिलों में भी विभिन्न कार्यकम आयोजित किए जाएंगे। राज्य शासन ने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स तथा जनजातीय कार्य एवं अनूसूचित जाति विकास विभाग के जिलाधिकारियों को 88 जनजातीय विकासखंडों में "जनजातीय गौरव दिवस' के विभिन्न आयोजनों के संबंध में बीते मंगलवार को ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। शासन ने सभी विभागीय हाई स्कूलों, हायर सेकंडरी स्कूलों, विशिष्ट विद्यालयों सहित छात्रावास एवं आश्रम शालाओं में 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती समारोहपूर्वक मनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विभागीय विद्यालयों में 16 से 18 नवम्बर तक भगवान बिरसा मुंडा की गौरवगाथा/देश के प्रति जनजातीय नायकों के योगदान पर केंद्रित सांस्कृतिक/साहित्यिक कार्यक्रम तथा जनजातीय नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन करने को भी कहा है।