स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा वैज्ञानिक गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता 2026 आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में संभाग जोन स्तरीय विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता का आयोजन प्रगत शैक्षिक संस्थान जबलपुर में किया गया। इसमें शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।
जोन स्तरीय प्रतियोगिता की मुख्य विषय-वस्तु विज्ञान और समाज रही। इसके अंतर्गत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई ), इलेक्ट्रिक व्हीकल, अंतरतारकीय आवास एवं महासागरों की बहाली जैसे समसामयिक विषयों पर छात्र-छात्राओं ने प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय की टीम ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई ) विषय पर नाटिका प्रस्तुत कर द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम में संस्कृति चौधरी, गरिमा ठाकुर, निहारिका यादव, सोनाक्षी कहार, साहिल नागवंशी, कार्तिक साहू एवं काव्य सोनी शामिल रहे।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा, संस्था प्राचार्य श्री राजीव किशोर श्रीवास्तव एवं टीम के मार्गदर्शी शिक्षक श्री आर.एन. रावत सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

