हर बच्चे के लिए अपने पैरों पर चलना और खेलना-कूदना सामान्य बात होती है, लेकिन कुछ बच्चों के लिए यह सफर आसान नहीं होता। ऐसे ही आष्टा निवासी अकाय पटेल के लिए भी बैठना, करवट बदलना, घुटनों के बल चलना और खड़े होना किसी चुनौती से कम नहीं था। शारीरिक गतिविधियों में कठिनाई और विकासात्मक विलंब के कारण अकाय को चलने-फिरने में काफी परेशानी होती थी। लेकिन समय पर उपचार, नियमित फिजियोथेरेपी और परिवार के सहयोग ने उसकी जिंदगी में नई उम्मीद जगा दी। आज अकाय स्वतंत्र रूप से चलने में सक्षम है।
अकाय को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र ( डीईआईसी ), जिला चिकित्सालय सीहोर लाया गया। यहां विशेषज्ञों ने उसकी स्थिति का मूल्यांकन कर आवश्यक उपचार एवं पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की। सीएमएचओ डॉ. सुधीर डेहरिया के मार्गदर्शन में डीईआईसी की फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सबा बक्स ने अकाय को नियमित फिजियोथेरेपी और प्रारंभिक हस्तक्षेप सेवाएं प्रदान कीं। अकाय को बैठने और खड़े होने का अभ्यास कराया गया। साथ ही शारीरिक संतुलन सुधारने, मांसपेशियों को मजबूत बनाने, चलने का अभ्यास, सही पोजिशनिंग और अन्य आवश्यक गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया। परिजनों को भी घर पर नियमित अभ्यास कराने और समय-समय पर फॉलोअप के लिए केंद्र आने की सलाह दी गई।
नियमित अभ्यास, लगातार उपचार और परिजनों के सहयोग का सकारात्मक परिणाम सामने आया। धीरे-धीरे अकाय की शारीरिक गतिविधियों में सुधार होने लगा और उसने चलने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की। आज वही अकाय, जिसे कभी बैठने और खड़े होने में भी परेशानी होती थी, अपने पैरों पर स्वतंत्र रूप से चल रहा है।
अकाय की यह उपलब्धि केवल एक बच्चे के चलने की कहानी नहीं, बल्कि समय पर बीमारी और विकासात्मक कठिनाइयों की पहचान, सही उपचार, नियमित फिजियोथेरेपी और परिवार के धैर्य का सकारात्मक परिणाम है। यह कहानी उन अभिभावकों के लिए भी उम्मीद की किरण है, जिनके बच्चे विकासात्मक विलंब से जूझ रहे हैं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और डीईआईसी जैसी सेवाएं बच्चों को समय पर उपचार एवं पुनर्वास देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

