कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने शुक्रवार को चांचौड़ा के ग्राम रमड़ा में स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री संबंधी कार्य के लिए आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में चल रहे कार्यों की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री होने से ग्रामीणों को बैंक से ऋण प्राप्त करने में सुविधा होगी, जिससे वे मकान निर्माण सहित अन्य आवश्यकताओं के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
ग्रामीणों को स्वामित्व योजना के लाभ बताए
कलेक्टर श्री कन्याल ने ग्रामीणों को योजना के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि सरकार ग्रामीणों के हितों और उनकी आर्थिक प्रगति के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्ति से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे उन्हें बैंक ऋण जैसी सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
36 में से 21 रजिस्ट्रियां पूर्ण
शिविर के दौरान जानकारी दी गई कि ग्राम में कुल 36 रजिस्ट्रियों के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 21 रजिस्ट्रियों का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। कलेक्टर ने शेष कार्य को भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूर्ण करने के संबंध में जानकारी ली।
ग्रामीणों से किया संवाद, आधुनिक खेती अपनाने के लिए किया प्रेरित
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा पारंपरिक खेती के साथ नई कृषि पद्धतियों की संभावनाओं पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया, ताकि कृषि उत्पादन और आय में वृद्धि हो सके।
इस दौरान चांचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पैंची, एसडीएम श्री अमित सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



