प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रायसेन में मध्यप्रदेश पुलिस विभाग (सामुदायिक पुलिसिंग) एवं उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, आपदा प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक नायक ने विद्यार्थीयों से संवाद स्थापित करते हुए आपराधिक न्याय व्यवस्था एवं पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। रायसेन एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा तलया ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, नागरिक अधिकारों एवं कानून के महत्व से अवगत कराया। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक निशा अहिरवार ने महिला एवं बाल संरक्षण पर समझाया और बच्चों के सवालों के जवाब भी दिए, साइबर सेल प्रभारी सउनि सुरेन्द्र सिंह ने साइबर अपराधों से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा तथा यातायात प्रभारी र०नि० स्नेहा चंदेल ने सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं हिंसा निवारण पर मार्गदर्शन दिया। प्राचार्य डॉ. यूनुस खान ने मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच एवं आत्महत्या रोकथाम के महत्व पर विचार व्यक्त किए। कार्यशाला के अंत में प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
