महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, बाल अधिकारों के संरक्षण और लैंगिक हिंसा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विद्यार्थियों को महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों और सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैहर की छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर बैहर का भ्रमण कराया गया।कलेक्टर श्री आदित्य सिंह एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेंद्र सुंद्रियाल के मार्गदर्शन तथा वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक रचना चौधरी के नेतृत्व में विकासखंड बिरसा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडई में ग्रामीण विकास मंडल संस्था के सहयोग से राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान वन स्टॉप सेंटर द्वारा संचालित योजनाओं और महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी गई।वन स्टॉप सेंटर बैहर के भ्रमण के दौरान छात्राओं को केंद्र की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं तथा संकट की स्थिति में महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रदान की जाने वाली सहायता के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें जानकारी दी गई कि हिंसा, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में सहायता केंद्रों के माध्यम से आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जा सकता है।
महिला एवं बाल सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम तथा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम सहित महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी अनुचित परिस्थिति में उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों से कराया अवगत
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन नंबर 181, साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि हिंसा, उत्पीड़न या किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में बिना भय के संबंधित हेल्पलाइन अथवा सहायता केंद्र से संपर्क कर मदद प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, बाल अधिकारों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज में महिलाओं एवं बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

