सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम एवं कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के निर्देशन एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे के मार्गदर्शन में प्रत्येक माह निर्धारित दिवस को युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम के समन्वय व सफल आयोजन के लिए कलेक्टर द्वारा जारी आदेशानुसार सम्बंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई हैं।
इसी क्रम में जिला रोजगार अधिकारी श्री बीएस मीना ने बताया कि सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम एवं कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के समन्वय से दिनांक 25 नवम्बर 2026 को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस जिला गुना में प्रातः 11:00 बजे से युवा संगम कार्यक्रम अंतर्गत जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें एक ही मंच पऱ रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के लिए अवसर उपलब्ध कराने आकांक्षी युवाओं को लाभान्वित किया जाता है। इसमें प्रदेश की निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां- जैसे इंटीग्रेटेड पर्सनल सर्विसेस मुंबई, एम आर एफ टायर गुजरात, ब्लिंक इट भोपाल, चैकमेट सर्विसेज भरूच, धनयम बायोटेक्नोलॉजी भोपाल, भारतीय जीवन बीमा निगम गुना आदि शामिल होंगी। इनके द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया जावेगा ऐसे बेरोजगार जिनकी योग्यता 10वी /12वी/स्नातक/आई टी आई पास है और 18 से 40 वर्ष की आयु वर्ग के भाग ले सकते है।
युवा संगम में आकांक्षी युवाओ को रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए एक ही मंच पर किया जाता है लाभान्वित
युवा संगम में संबंधित विभागो द्वारा अलग-अलग स्वरोजगार/ हितग्राही मूलक योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जायेगा, साथ ही ऐसे विभाग जिनमे स्वरोजगार एवं हितग्राही मूलक योजना संचालित होती है। उनके हितग्राहियों को भी हितलाभ वितरण किया जायेगा।
युवा संगम में युवाओं को वित्तीय साक्षरता, कौशल विकास की दी जावेगी जानकारी
युवा संगम में शासन आदेशानुसार युवक युवतियों को वित्तीय साक्षरता की जानकारी देने की व्यवस्था की जा रही हैं साथ कौशल विकास के लिए राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना सहित स्टार्टअप 2025 की जानकारी भी युवाओं को उपलब्ध कराई जावेगी। कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले आकांक्षी युवा इस गूगल लिंक- https://forms.gle/quE 4 LzPP 1 NA 2 yfPB 6 पर आवेदन कर सकते हैं।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मनाया गया विश्व सीओपीडी दिवस, लोगों को दी गई बीमारी से बचाव एवं उपचार की जानकारी
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरआर माथुर के मार्गदर्शन में विश्व सीओपीडी दिवस के अवसर पर जिले के समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा आमजन को सीओपीडी (क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज) अर्थात फेफड़ों की पुरानी अवरोधक बीमारी के लक्षण, कारण, बचाव एवं उपचार के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सीओपीडी फेफड़ों से संबंधित एक गंभीर बीमारी है, जिसमें मरीज को सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी, बलगम आना, सीने में जकड़न तथा सांस फूलने जैसी समस्याएं होती हैं। धूम्रपान, तंबाकू सेवन, वायु प्रदूषण, धूल एवं धुएं के संपर्क में रहना इस बीमारी के प्रमुख जोखिम कारक हैं। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन से दूर रहने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, घरों में धुएं से बचाव करने, नियमित व्यायाम करने तथा सांस संबंधी लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सीओपीडी की समय पर पहचान, नियमित उपचार एवं बीमारी की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई कि फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए धूम्रपान से दूर रहें तथा सांस संबंधी परेशानी होने पर लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लें।

