बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी 17 नवंबर को कॉमनवेल्थ वुमेन पार्लियामेंटेरियन्स (CWP) सम्मेलन में सहभागिता करने के लिए बेंगलुरु पहुंचीं। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में देश-विदेश की महिला जनप्रतिनिधि शामिल होकर महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगी।
सम्मेलन महिला जनप्रतिनिधियों के लिए संवाद, अनुभव साझा करने और एक-दूसरे के कार्यों एवं नवाचारों से सीखने का महत्वपूर्ण मंच है। इसमें महिलाओं की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भूमिका को सशक्त करने पर सार्थक चर्चा होगी। बेंगलुरु पहुंचने पर सांसद श्रीमती भारती पारधी का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। उन्होंने इस आत्मीय स्वागत के लिए कर्नाटक राज्य विधानमंडल तथा सम्मेलन के समस्त आयोजकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।


