कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर में पुस्तकालय का लोकार्पण किया। विद्यार्थियों में अध्ययन की रुचि विकसित करने, साहित्यिक एवं वैचारिक चेतना को प्रोत्साहित करने तथा ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के उद्देश्य से सर्वसुविधायुक्त अभ्युदय पुस्तकालय प्रारंभ किया गया है। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने पुस्तकालय का अवलोकन कर यहां संरक्षित लगभग 200 वर्ष पुरानी दुर्लभ पुस्तकों, ऐतिहासिक दस्तावेजों एवं हस्तलिखित पांडुलिपियों को देखा तथा उनके ऐतिहासिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक महत्व के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। अभ्युदय पुस्तकालय में राजनीति, हिंदी एवं अंग्रेजी साहित्य सहित विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक, समसामयिक और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों का समृद्ध संग्रह उपलब्ध कराया गया है। यहां विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की पुस्तकों के अलावा साहित्य, संस्कृति, इतिहास एवं सामाजिक चिंतन से जुड़ी विविध विषयवस्तु के अध्ययन का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और वैचारिक समझ का विस्तार होगा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलेगी।
विद्यालय में इस महत्वपूर्ण पुस्तकालय की स्थापना संस्था के प्राचार्य श्री राजीव किशोर श्रीवास्तव एवं डॉ. अशोक कुमार उदेनिया के प्रयासों से हुआ। पुस्तकालय के सुव्यवस्थित संकलन, पुस्तकों के संरक्षण एवं संचालन में पुस्तकालय प्रभारी श्री देवेन्द्र सिंह पटैल एवं श्रीमती साक्षी तिवारी के साथ श्री ए.आर. राव, श्री रामदीन ठाकुर, श्रीमती वर्षा पांडे, सुश्री पल्लवी शुक्ला, श्री आशीष दुबे एवं श्री दीपेश साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अभ्युदय पुस्तकालय केवल पुस्तकों के संग्रह तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने, ज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने और उनमें वैचारिक परिपक्वता लाने का एक सार्थक प्रयास है। लगभग दो शताब्दी पुरानी पुस्तकों, ऐतिहासिक दस्तावेजों एवं दुर्लभ हस्तलिखित पांडुलिपियों का संरक्षण इस पुस्तकालय को विशिष्ट पहचान प्रदान करता है। यह पुस्तकालय विद्यार्थियों के ज्ञानार्जन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का उपयोगी केंद्र बनने के साथ ही ऐतिहासिक और साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
