महान जनजातीय जननायक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर 2026 को जिले में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला सीधी के तत्वावधान में जिले के पांचों विकासखंड सीधी, मझौली, रामपुर नैकिन, कुसमी एवं सिहावल में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के अंतर्गत संचालित कक्षाओं में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग, बलिदान, अदम्य साहस, सामाजिक चेतना एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण किया गया। व्याख्यान एवं जनजागरूकता रैली के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, स्वाभिमान और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।
जिला समन्वयक मुकेश कुमार गौर ने बताया कि जिले के पांचों विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में विकासखंड समन्वयक अनिल कुमार पाठक, प्रभु दयाल दहिया सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं, जन अभियान परिषद के परामर्शदाताओं, नवांकुर संस्थाओं तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (CMCLDP) के बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक एवं राष्ट्रीय चेतना के क्षेत्र में उनके योगदान से परिचित कराया गया। साथ ही समाज में जनभागीदारी, सामुदायिक नेतृत्व और सकारात्मक सामाजिक बदलाव के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिले के पांचों विकासखंडों में आयोजित ये कार्यक्रम केवल जयंती समारोह तक सीमित नहीं रहे, बल्कि जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान, संघर्ष, सामाजिक चेतना एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रेरणादायी माध्यम बने।