ग्रामीण परिवारों को उनके आवासीय भूखंडों का विधिवत पंजीकृत अभिलेख उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026 के तहत शुक्रवार को जिले के चार चयनित ग्रामों में विशेष अभियान आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत ग्राम अकौरी, ओबरहा, भोरों एवं चमराडोल में पात्र हितग्राहियों के स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के पंजीयन की कार्यवाही संपन्न कराई गई।
ग्राम भोरों, तहसील सिहावल में विधायक विश्वामित्र पाठक तथा ग्राम चमराडोल, तहसील मझौली में विधायक कुंवर सिंह टेकाम की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों विधायकों ने हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के महत्व की जानकारी दी। वहीं ग्राम अकौरी, तहसील रामपुर नैकिन तथा ग्राम पंचायत ओबरहा, तहसील गोपद बनास में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंजीयन संबंधी कार्यवाही संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर किसानों को बीज का वितरण भी किया गया। जनप्रतिनिधियों ने किसानों को कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया।
स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के पंजीयन से ग्रामीण परिवारों को उनके आवासीय भूखंडों का वैधानिक एवं प्रमाणित दस्तावेज प्राप्त होगा। इससे संपत्ति संबंधी अधिकारों को कानूनी सुरक्षा मिलेगी तथा भविष्य में संपत्ति के उपयोग एवं उससे जुड़े विभिन्न कार्यों में सुविधा होगी।
राज्य शासन की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय संपत्ति का विधिवत अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराकर उन्हें संपत्ति के अधिकारों के प्रति सुरक्षित एवं सशक्त बनाना है।

