जिले में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 24 अक्टूबर को मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में 48 हजार से अधिक नवसाक्षरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा का उद्देश्य नवसाक्षरों में पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय कौशल का आकलन करने के साथ जिले में साक्षरता दर को बढ़ावा देना है।
जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत राज्य शिक्षा केंद्र के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा आयोजित की गई। जिले के सभी शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों को परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया था। परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित हुई। प्रत्येक परीक्षार्थी के लिए परीक्षा की अवधि तीन घंटे निर्धारित थी, जिसमें नवसाक्षरों ने अपनी सुविधानुसार परीक्षा में भाग लिया।
तिलक और पुष्पमालाओं से नवसाक्षरों का स्वागत
परीक्षा केंद्रों पर नवसाक्षरों का तिलक लगाकर और पुष्पमालाओं से अभिनंदन किया गया। विद्यालयों में उपस्थित बच्चों ने भी तालियां बजाकर ग्रामीण जनों का स्वागत किया। इस आत्मीय वातावरण ने नवसाक्षरों का उत्साह बढ़ाया और शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश दिया।
महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने भी दी परीक्षा
परीक्षा में मध्य प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों ने भी भाग लिया। परीक्षा के सफल आयोजन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आजीविका मिशन की साक्षर दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सहयोग से अधिक से अधिक असाक्षर ग्रामीणों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीण महिलाओं को साक्षर बनाने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्रों को अध्ययन केंद्र के रूप में चिह्नित किया गया है। यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं की साक्षरता कक्षाएं संचालित की जाती हैं, जिससे उन्हें पढ़ने-लिखने और बुनियादी गणितीय कौशल सीखने का अवसर मिल रहा है।
जिला जेल में 32 बंदियों ने दी परीक्षा
साक्षरता अभियान के अंतर्गत जिला जेल सीधी में भी मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 32 बंदी शामिल हुए। इस पहल के माध्यम से जेल में निरुद्ध व्यक्तियों को भी बुनियादी शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया गया।
33 प्रतिशत से कम अंक पाने वालों को मिलेगा सुधार का अवसर
परीक्षा के पर्यवेक्षण एवं मूल्यांकन कार्य में प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, आशा कार्यकर्ता तथा अक्षर साथी शामिल रहे। जिन नवसाक्षरों ने पढ़ने, लिखने एवं बुनियादी संख्यात्मकता में 33 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें ‘नीड टू इम्प्रूवमेंट’ श्रेणी में रखा गया है। ऐसे नवसाक्षरों को आगामी परीक्षाओं में पुनः शामिल होने का अवसर दिया जाएगा, ताकि वे अपने कौशल में सुधार कर सकें।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का किया अनुवीक्षण
परीक्षा के दौरान ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक, डाइट प्राचार्य, डाइट के व्याख्याता, जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विकासखंडों के प्रभारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक, आजीविका मिशन के युवा सलाहकार एवं विकासखंड प्रबंधक, बीएसी, सह-समन्वयक साक्षरता तथा जनशिक्षकों ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर नवसाक्षरों का उत्साहवर्धन किया और परीक्षा का अनुवीक्षण किया।
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से जिले में वयस्कों को बुनियादी शिक्षा से जोड़ने और उन्हें दैनिक जीवन में पढ़ने, लिखने तथा गणना करने में सक्षम बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। परीक्षा में बड़ी संख्या में नवसाक्षरों की सहभागिता इस अभियान के प्रति जागरूकता और शिक्षा प्राप्त करने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।