सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड चांवरपाठा के ग्राम सिहोरा-पुआरिया में कृषि विकास विभाग के द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हुआ।
यह पौधरोपण कार्यक्रम कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशानुसार एवं उप संचालक कृषि श्री सुरेंद्र अमरूते के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों, ग्रामीणों एवं किसानों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न फलदार एवं उपयोगी प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। इस दौरान प्राकृतिक खेती करने वाले दुधवारा के कृषक श्री कृष्ण कुमार वर्मा तथा विशिष्ट गन्ना उत्पादक कृषक श्री अशोक कुमार वर्मा सहित अन्य कृषकों ने पौधरोपण किया।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान आंवला, बहेरा, सीताफल, नीम, करौंदा एवं चंदन सहित विभिन्न प्रजातियों के कुल 55 पौधे रोपे गए। कृषकों एवं ग्रामीणों ने रोपित पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण करते हुए उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया।






