सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत परियोजना टिमरनी के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 8 में शनिवार को आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि श्रीमती रितु सोलंकी और समाजसेविका श्रीमती नीलम साकल्ले उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के उद्देश्य से आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई।
साथ ही, छोटे बच्चों के लिए विभिन्न खेल और मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पोषण प्रदर्शनी में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को समाजसेविका श्रीमती नीलम साकल्ले ने सम्मानित किया। इसके पश्चात बच्चों को फल और मिठाइयाँ वितरित की गईं। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और हितग्राही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के समुचित पोषण, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाना था।




