जल जीवन मिशन ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को नई दिशा दी है। विकासखंड कटंगी के ग्राम बोथवा में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से अब गांव के सभी 547 परिवारों के घरों तक नल के माध्यम से पेयजल पहुंच रहा है। घर-घर नल से जल मिलने से ग्रामीणों को दूरस्थ जलस्रोतों पर निर्भरता से राहत मिली है और उनके दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ी है।

ग्राम बोथवा में जल जीवन मिशन के तहत 69.50 लाख रुपये की लागत से 12 अप्रैल 2021 को कार्य प्रारंभ किया गया था, जिसे 8 अक्टूबर 2023 को पूर्ण कर लिया गया। योजना के पूर्ण होने के बाद गांव के सभी 547 घरों को नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल सुविधा उपलब्ध हो रही है।

महिलाओं और बच्चों को मिली बड़ी राहत

योजना से पहले ग्रामीण परिवारों को पानी के लिए घर से दूर स्थित जलस्रोतों तक जाना पड़ता था। पानी लाने की जिम्मेदारी विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों पर होने के कारण उनका काफी समय और श्रम खर्च होता था। अब घर पर ही नल से पानी उपलब्ध होने से उन्हें इस परेशानी से राहत मिली है। ग्रामीणों का कहना है कि घर के आंगन में नल से पानी पहुंचने से रोजमर्रा के काम आसान हुए हैं। पानी भरने में लगने वाला समय बचने से परिवार के सदस्य इस समय का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, आजीविका, घरेलू कार्य और अन्य आवश्यक गतिविधियों में कर पा रहे हैं।

पेयजल सुविधा के साथ जीवन स्तर में सुधार

जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को उनके घर पर नियमित, पर्याप्त एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। बोथवा में योजना की सफलता इसी उद्देश्य की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नल कनेक्शन मिलने से ग्रामीणों को सुविधा के साथ-साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिला है। हर घर नल से जल की सुविधा अब बोथवा में ग्रामीण विकास, सुविधा और बेहतर जीवन की पहचान बन गई है।