कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत शिक्षण वर्ष 2025–26 में कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं बोर्ड परीक्षाओं की जिला एवं राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाली 37 मेधावी बालिकाओं को सम्मानित करने के लिए ₹1,85,000 ( एक लाख पिचासी हजार रुपये) की राशि स्वीकृत की गई है।
स्वीकृत राशि के अंतर्गत कक्षा 10 वीं की 21 एवं कक्षा 12 वीं की 16, कुल 37 मेधावी बालिकाओं को प्रति बालिका ₹5,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यह राशि बालिकाओं की उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आगे की शिक्षा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रदान की जाएगी। इस पहल से बालिकाओं में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ने के साथ-साथ अन्य छात्राओं को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती विनीता लोढ़ा ने कहा कि जिले की मेधावी बालिकाओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करना अन्य बालिकाओं को भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।


