जिला प्रशासन, बालाघाट एवं जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में संचालित सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत 28 सितंबर को शासकीय सांदीपनि विद्यालय, वारासिवनी में ‘अनकही कहानियों’ का भव्य नाट्य मंचन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, समर्पण और सुशासन के संदेश को विद्यार्थियों एवं समाज तक पहुंचाना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने समाज सेवा, स्वच्छता, शिक्षा एवं जनकल्याण से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को संवाद, अभिनय एवं संगीत के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नाट्य मंचन में समाज के लिए समर्पण एवं सेवा भाव से कार्य करने वाली अनकही कहानियों को मंच पर जीवंत किया गया, जिसे उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों ने सराहा।कार्यक्रम में जिला संयोजक डॉ. नरेंद्र भैरम, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद महेश पटले, सामाजिक कार्यकर्ता निरंजन बिसेन, शैलेन्द्र सेटी, किशोर अमुले, संदीप शर्मा, विद्यालय के प्राचार्य श्री पटले सहित जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक सुरेंद्र कुमार भगत, जनभागीदारी समिति के सदस्य, नवांकुर संस्था के पदाधिकारी, परामर्शदाता, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम की प्रस्तावना डॉ. नरेंद्र भैरम ने रखी तथा आभार विकासखंड समन्वयक सुरेंद्र कुमार भगत ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार सहित लगभग 375 विद्यार्थियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। इस अवसर पर समयबद्धता, समर्पण एवं सेवा भाव का संदेश दिया गया।




