मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री डी.एस. चौहान की उपस्थिति में एक अक्टूबर 2026 को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर अपना घर वृद्धाश्रम आगर-मालवा में नालसा अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक साक्षरता शिविर का आयोजित किया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री डी.एस. चौहान ने वृद्धजनों को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वृद्धजन हमारी अमूल्य धरोहर हैं। यह दिवस हमें वृद्धजनों के समान अधिकारों एवं गरिमापूर्ण जीवन के प्रति जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। वृद्धजनों का जीवन अनुभव, ज्ञान और संस्कार आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक है। बढ़ती उम्र में व्यक्ति को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, भावनात्मक सहयोग और अपनत्व की आवश्यकता होती है। वृद्धजनों की देखभाल सामाजिक दायित्व के साथ मानवीय एवं नैतिक कर्तव्य भी है।
उन्होंने कहा कि विधिक दृष्टिकोण से वृद्धजनों को अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है। माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण तथा कल्याण से संबंधित कानून उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए कानूनी सुरक्षा प्रदान करता है। किसी भी वरिष्ठ नागरिक को भरण-पोषण, संपत्ति सुरक्षा या अन्य कानूनी समस्या होने पर कानून में समाधान उपलब्ध है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
द्वितीय जिला न्यायाधीश श्री मधुसूदन जंघेल ने वृद्धजनों को वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरणकी सचिव श्रीमती अश्विनी सिंह ने विधिक सहायता, विधिक सलाह, प्राधिकरण की कार्यप्रणाली एवं प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। वृद्धाश्रम में उपस्थित वृद्धजनों की समस्याएं सुनी गईं एवं निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
एसडीएम आगर श्री कमल मंडलोई एवं सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों ने शासन की योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन श्री अंकित ने किया तथा आभार वृद्धाश्रम संचालिका श्रीमती मीना जयंत ने व्यक्त किया। कार्यक्रम पश्चात अतिथियों द्वारा वृद्धजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट किए गए।



