उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, पांढुर्णा में 17 सितंबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान एवं सेवा पखवाड़े का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. शहनाज खान द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं ‘आशीर्वाद का दिया’ प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में सहभागिता की। दीपों की रोशनी से महाविद्यालय परिसर जगमगा उठा। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री मनीष सक्सेना एवं सुश्री संध्या सक्सेना विशेष रूप से उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक श्री मनीष सक्सेना ने छात्राओं को संबोधित करते हुए सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से सेवा, सामाजिक जागरूकता एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहभागिता करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम प्रभारी प्रो. गणेश कुमार तुमडाम ने अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत सेवा, सामाजिक जागरूकता एवं जनभागीदारी से संबंधित 12 विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।

कार्यक्रम में एनटीएफ प्रभारी डॉ. एल.एल. राऊत, आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. ललिता धुर्वे, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी प्रो. गणेश कुमार तुमडाम, महिला इकाई की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती कीर्ति सलामे, डॉ. नंदकिशोर पवार, श्री भोजराज कराले, प्रो. रविंद्र बंसोड़ सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्राओं ने सेवा, सामाजिक जागरूकता एवं जनहित से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का संकल्प लिया।